इशरतगंज के बवाल के बाद जिला अस्पताल के सामने सड़क जाम कर रही महिलाओं को हटाती पुलिस।
- फोटो : BALLIA
बलिया। शहर कोतवाली थानाक्षेत्र के इशरतगंज मोहल्ले में मकान पर कब्जा दिलाने पहुंची पुलिस और मोहल्लेवासी आपस में भिड़ गए। आरोप है कि इस दौरान पुलिस की लाठी से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद लोग उग्र हो गए। एक पुलिसकर्मी को घेर लिया और पिटाई कर दी। घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मोहल्ले की महिलाओं ने अस्पताल के गेट पर ही सड़क जाम कर दिया। शहर कोतवाल के काफी समझाने बुझाने के बाद जाम समाप्त हुआ।
इशरतगंज मोहल्ले में मनोज प्रसाद और दीपक केसरी आदि में मकान पर कब्जे को लेकर विवाद है। मनोज प्रसाद पक्ष का आरोप है कि उसके भाई घूरन ने अपने हिस्से का मकान दीपक केसरी को बेच दिया है। अभी बंटवारा नहीं हुआ है। ये मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन लोगों का आरोप है कि रविवार को बिचलाघाट चौकी प्रभारी अमरजीत यादव सिपाहियों के साथ मकान पर कब्जा कराने पहुंचे थे। बताया जाता है कि मकान में हिस्सेदार महिलाएं विरोध में खड़ी हो गईं। जोर-जबरदस्ती शुरु हुई तो महिलाएं व अन्य लोग पुलिसकर्मियों से भिड़ गए और धक्कामुक्की होने लगी। इस दौरान विरोध कर रहे मनोज के रिश्तेदार रविकांत (48) का सिर फट गया। इससे नाराज लोगों ने पुलिस की पिटाई कर दी।
मौके पर फोर्स पहुंची तो लोग घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। मोहल्ले के काफी लोग भी अस्पताल पहुंच गए। इलाज के बाद महिलाएं अस्पताल के मुख्य गेट पर बैठ गईं। कुछ सड़क पर लेट भी गईं और सड़क जाम कर दी। मामले की जानकारी होने के बाद भारी संख्या में पुलिस इशरतगंज मुहल्ले में व जिला अस्पताल पहुंची। साथ ही अर्धसैनिक बल भी पहुंच गया। सड़क जाम कर रही महिलाओं को किसी तरह पुलिस ने समझा बुझाकर जाम को समाप्त कराया। सूचना मिलते ही सीओ सिटी भूषण वर्मा मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। पुलिस के सामने ही मारपीट करने लगे। रोकने पर पुलिस के साथ भी मारपीट की गई है। दोनों पक्षों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के साथ मारपीट में भी एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
इशरतगंज में हुए मारपीट में घायल रविकांत।- फोटो : BALLIA