उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने 12 अप्रैल की देर शाम सम्मिलित राज्य/ प्रवर अधीनस्थ परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। प्रांतीय स्तर की इस सबसे बड़ी परीक्षा में बलिया जिले के ग्राम बभनौली निवासी गोरख नाथ पांडेय ने सीडीपीओ श्रेणी में प्रथम रैंक हासिल की है।
इस सफलता से उनके गांव में खुशी की लहर है। गोरख ने अपनी माध्यमिक व उच्च शिक्षा अपने गृह जनपद बलिया से ही उतीर्ण की है। उन्होंने हाईस्कूल आरडी इंटर कालेज जोगापुर व इंटरमीडिएट जेबी इंटर कालेज गड़वार से पास किया है। स्नातक व परास्नातक सतीशचंद्र महाविद्यालय से पूरा किया है।
इसके बाद वह सिविल सेवा की तैयारी में लगे थे, यह उनका तीसरा प्रयास था। गोरख ने अपनी सफलता का श्रेय माता सरिता, पिता अजय पांडेय, गुरुजन और अपने सभी शुभचिंतको को देते है। गोरख ने कहा कि अगर आपके पास धैर्य व लगन से हो तो एक न एक दिन सफलता अवश्य मिलती है।