यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन बुधवार से शुरू होगा। इसके लिए जिले में चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें दो इंटरमीडिएट और दो हाईस्कूल के लिए मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं।
जिले में करीब 10 लाख उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए आई हुई हैं। मूल्यांकन के लिए 2703 परीक्षक और 297 प्रधान परीक्षक नियुक्त किए गए हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें टाउन इंटर कालेज तथा राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कालेज पर हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा।
जबकि राजकीय इंटर कालेज और कुंवर सिंह इंटर कालेज पर इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य होगा। मूल्यांकन के लिए हाईस्कूल की करीब चार लाख और इंटरमीडिएट की करीब चार लाख उत्तर पुस्तिकाएं जिले में आई हुई हैं। जिसके लिए राजकीय इंटर कालेज पर 694 परीक्षक और 73 प्रधान परीक्षक, टाउन इंटर कालेज पर 627 परीक्षक और 79 प्रधान परीक्षक,
राजकीय बालिका इंटर कालेज पर 752 परीक्षक और 76 प्रधान परीक्षक नियुक्त किए गए हैं। जबकि कुंवर सिंह इंटर कालेज पर 630 परीक्षक और 63 प्रधान परीक्षक नियुक्त किए गए हैं। मूल्यांकन केंद्रों के उपनियंत्रकों ने बताया कि 30 मार्च बुधवार से उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य होना है।
लेकिन बुधवार को मूल्यांकन के संबंध में प्रधान परीक्षकों को मूल्यांकन के संबंध में दिशा निर्देश दिए जाएंगे। जबकि गुरुवार 31 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू होगा।