चौकिया मोड़/बेल्थरारोड । उभांव थाना परिसर में सोमवार की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस की ओर से पूछताछ के लिए थाने लाए गए बेल्थराबाजार निवासी दो भाइयों में से एक किराना व्यवसायी सुरेश गोंड बेहोश होकर गिर पड़ा। पुलिस ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया। इंस्पेक्टर उभांव ने जांच कराने का भरोसा दिया है।
सोमवार की शाम बेल्थराबाजार चट्टी पर किराना व्यवसायी सुरेश गोंड की दुकान पर किसी बात को लेकर एक युवक से कहासुनी हुई थी। पीड़ित के भाई मोहित गोंड के मुताबिक आपस का मामला तो शांत हो गया था, लेकिन इसी बीच उस युवक की दूसरे गांव के कुछ अन्य लड़कों से मारपीट हो गई। बाजार में हंगामे की सूचना मिलते ही उभांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के लिए मोहित और उसके भाई सुरेश गोंड को अपने साथ थाने ले आई। मोहित गोंड ने आरोप लगाया कि उन्हें थाने लाने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया था। आरोप है कि थाना परिसर में पुलिसकर्मियों ने उनके भाई सुरेश को कई थप्पड़ जड़ दिए। इससे वो बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों के अनुसार सुरेश पिछले दो वर्षों से पथरी और हाई ब्लड प्रेशर (बीपी) की बीमारी से पीड़ित हैं और उनकी नियमित दवाएं चल रही हैं, जिसके चलते अचानक तनाव बढ़ने से उनकी स्थिति गंभीर हो गई। उभांव थाना के प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक ने बताया कि पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को थाने लाई थी। आरोपों की जांच कराई जा रही है।