बलिया। शहर के राजेंद्र नगर मोहल्ले में काली माता के जुलूस के दौरान डीजे पर डांस करने को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
कोतवाल प्रवीण सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार विश्वास हमराह कांस्टेबल सुभाष चंद यादव और विनोद कुमार के साथ काली माता जुलूस में शांति व्यवस्था के लिए ड्यूटी पर थे। इसी दौरान राजेंद्र नगर में सूचना मिली कि डीजे पर डांस करने को लेकर लाटघाट बनकट्टा मोहल्ला निवासी अजय पटेल (20) और राजेंद्र नगर निवासी मोहम्मद अमन (19) के बीच विवाद हो रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों कथित तौर पर उग्र होकर एक-दूसरे से मारपीट पर आमादा हो गए।
जुलूस में मौजूद लोगों की भीड़ बढ़ने लगी, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। दोनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद शांति भंग में चालान कर न्यायालय में पेश किया गया।