भीमपुरा क्षेत्र के सेमरी गांव में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद गांव को सील करती पुलिस टीम।
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिले में शनिवार को दो और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। दोनों भीमपुरा क्षेत्र के सेमरी और मोहम्मदपुर मठिया के निवासी हैं और दिल्ली और सूरत से आए थे। अब जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 54 हो गई है। अब तक कुल 52 पॉजिटिव केस थे जिसमें 26 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने बताया कि शनिवार को भीमपुरा थाना क्षेत्र के सेमरी एवं मोहम्मदपुर मठिया गांव में एक-एक व्यक्ति कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। इस प्रकार जिले में अब कुल 54 पॉजिटिव केस हो गए हैं। उन्होंने बताया कि राहत की बात यह है कि पहले भर्ती 52 मरीजों में 26 स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। उन्हें एक सप्ताह तक होम क्वारंटीन में रहने की सलाह दी गई है। नए दो कोरोना पॉजिटिव केस आने के बाद सेमरी और मोहम्मदपुर मठिया को हॉटस्पॉट बनाया जाएगा जिससे हॉटस्पॉट की कुल संख्या 39 हो गई है। हॉटस्पॉट क्षेत्रों के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती करते हुए उन इलाकों को सील करने आदि का निर्देश दिया गया है।
भीमपुरा क्षेत्र के सेमरी गांव में 11 मई को एक अधेड़ सूरत से ट्रक से आया था। शनिवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद गांव में शनिवार को दहशत का माहौल हो गया। प्रशासन ने गांव को सील कर दिया। फायर बिग्रेड ने गांव में सैनिटाइज किया। 11 को सूरत से आया अधेड़ तबीयत खराब होने पर मऊ में इलाज के लिए गया था। इसके बाद एक जून को वह पीएचसी सराय भारती पर जाकर सैंपल दिया था। उसके पाजिटिव मिलने की जानकारी होते ही बीडीओ सीयर विनय कुमार वर्मा, एडीओ पंचायत संजय सिंह, थाना प्रभारी शिवमिलन, एसआई जाफ़र खां, प्रताप नारायन, सचिव राम भवन त्यागी गांव में पहुंचे और गांव को सील कराया। गांव जाने वाले रास्तों को बॉस बल्ली से बंद कराया।
दिल्ली से 27 मई को आया था गांव
भीमपुरा। थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मोहम्मदपुर मठिया के मौजा मठिया निवासी युवक की शनिवार को आई पॉजिटिव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। यह युवक 27 मई को दिल्ली से घर आया था और होम क्वारंटीन था। जिसकी तबीयत बिगड़ने पर सीयर ब्लाक के नोडल अधिकारी लाल चंद के निर्देश पर एक जून को डॉक्टरों की टीम ने गांव से ही सैंपल लिया था। जिसका रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आया है। वही प्रशासन द्वारा गांव को सील कराया जा रहा है।