भीमपुरा। थाना क्षेत्र के दो अलग अलग स्थानों पर शुक्रवार को हुई दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पहली घटना अपराह्न 3 बजे बरौली बाजार में घटी। सिउरा गोपालपुर निवासी नीरज चौहान मझवारा से किसी मांगलिक कार्यक्रम में सम्मिलित होकर बाइक से वापस लौट रहे थे। वह जैसे ही बरौली पहुंचे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल नीरज को नगरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही नीरज की मौत हो गई। दूसरी घटना देर शाम को बरेवां चट्टी के पास हुई। थाना क्षेत्र के पतोई गांव निवासी शिवकुमार ठाकुर (50) उसी गांव के रविन्द्र चौहान के साथ अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहा था। बरेवां चट्टी के पास सामने से आ रही कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर पीछे बैठे शिवकुमार ठाकुर नीचे गिर गए और उन्हें गंभीर चोट आई। इस दौरान लोगों ने घायल शिवकुमार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा भेजवाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने चली आई। मृतक के पुत्र अभय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।