शहर के जगदीशपुर मुहल्ले में कोरोना मरीज मिलने के बाद इलाके को बैरिकेडिंग लगाकर सील किया गया।
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिले में बृहस्पतिवार को 16 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 148 हो गई है। बुधवार तक कुल 132 पॉजिटिव केस थे जिसमें 99 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के विजयीपुर में सात, चंद्रशेखरनगर में एक, निरालानगर में एक, टैगोर नगर में एक, आवास विकास कालोनी में एक एवं मिड्ढी में एक पॉजिटिव केस मिले हैं। इसके अलावा रेवती कस्बा में तीन एवं बेरूआरबारी के कड़िहरा में एक पॉजिटिव केेस मिला है। बताया कि मिड्ढी निवासी युवक तथा आवास विकास कॉलोनी निवासी वृद्ध की मौत कोरोना संक्रमण के कारण बुधवार को हो गई। वर्तमान में 47 केस एक्टिव रह गए हैं। बृहस्पतिवार को रिपोर्ट आने के बाद इन्हें एल-1 अस्पताल बसंतपुर में भर्ती कराया गया। वहीं हॉट स्पॉट क्षेत्रों के लिए मजिस्ट्रेट की तैनाती करते हुए उन इलॉकों को सील करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि शहर के मिड्ढी व आवास विकास कॉलोनी में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। मृत्यु के बाद जांच में दोनों कोरोना पॉजिटिव निकले। उन्होंने बताया कि मिड्ढी मुहल्ले के 40 वर्षीय व्यक्ति में 10-15 दिन से मलेरिया के लक्षण थे और ये निजी तौर पर इलाज करा रहे थे। इस दौरान बुधवार की रात उनकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही स्वास्थ विभाग द्वारा कोरोना टेस्ट कराया गया तो पॉजिटिव निकला। इसी प्रकार दूसरी मौत का मामला आवास विकास कॉलोनी का है। वहां के करीब 68 वर्षीय वृद्ध को निमोनिया की शिकायत थी। बीएचयू में इनका इलाज हो रहा था और वहीं मौत हो गई। बीएचयू में ही इनका टेस्ट हुआ तो कोरोना पॉजिटिव निकला। गुरुवार को दोपहर बाद इसकी सूचना जिला प्रशासन को मिली।
उल्लेखनीय है कि नगर और उसके आसपास 44 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। शहर के बीचोबीच लक्ष्मी मार्केट हॉटस्पॉट बना हुआ है और यहां से अब तक 10 मरीज मिल चुके हैं। इस मार्केट के लोग शहर के विभिन्न मुहल्लों व आसपास के गांवों में भी रहते हैं। इसके अलावा नगर के विजयीपुर में आठ लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। बावजूद लोगों द्वारा की जा रही लापरवाही एक दिन कहीं भारी न पड़ जाए।