बलिया जिले के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सरप्लस घोषित 14 शिक्षकों व कर्मचारियों को वेतन व अवशेष भुगतान के मामले में ईओडब्लू वाराणसी ने मुकदमा दर्ज किया है। इसे लेकर जिले के माध्यमिक विद्यालयों में हड़कंप मच गया है।
जनपद का माध्यमिक शिक्षा विभाग एक बार फिर चर्चाओं में है। शासन के 20 मई 2019 के आदेश पर जिले में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कूटरचित दस्तावेजों पर शिक्षकों व कर्मचारियों की नियुक्ति करके राजकीय धन का दुर्विनियोग करने के मामले की जांच ईओडब्लू वाराणसी ने शुरू की।
इस मामले में जनपद के 14 शिक्षक व कर्मचारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। ईओडब्लू वाराणसी ने संबंधित शिक्षकों व कर्मचारियों के नियुक्ति की मूल पत्रावली व भर्ती प्रक्रिया से संबंधित अभिलेख तलब किया है।
शासन के निर्देश पर कुछ महीने पूर्व मामले की जांच के लिए सीबीसीआईडी की टीम जिले में पहुंची थी। टीम ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर आकर अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों व कर्मचारियों की नियुक्ति, वेतन ओर अवशेष भुगतान से संबंधित मूल अभिलेखों का परीक्षण किया था।
संबंधित शिक्षक, कर्मचारी, प्रधानाचार्य व प्रबंधक के साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियों से जानकारी ली थी और बयान भी दर्ज किया था। जांच में कई विद्यालयों के 102 शिक्षकों व कर्मचारियों का मामला सामने आया था। इसके बाद शासन ने ईओडब्लू को कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।
जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने बताया कि ईओडब्लू की ओर से कार्रवाई की गई है। हालांकि ईओडब्लू की ओर से कोई सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई है।