हल्दी थाना क्षेत्र के गंगा नदी के पचरूखिया घाट पर गुरुवार सुबह दस बजे स्नान करते समय दो बालक गहरे पानी में डूब गए। काफी मशक्कत के बाद एक का शव मल्लाहों ने निकाला। दूसरे को निकालने के लिए महाजाल डलवाया गया है।
रेवती थाना क्षेत्र के दिघार गांव निवासी नारायन वर्मा का पुत्र सोनू (6) तथा पड़ोसी बृज राम के घर अपने ननिहाल में आया फेफना थाना क्षेत्र के इकवारी गांव निवासी रामाश्रय राम का पुत्र अजीत (8) गंगा में स्नान के लिए गए थे। इसी बीच सोनू और अजीत गहरे पानी में चले गए। कुछ दूरी पर अपने नावों को लेकर मल्लाह खड़े थे, जिन्होंने डूबते हुए दोनों किशोरों को देख लिया था।
उन्होंने नदी में छलांग लगाई लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मल्लाहों की एक घंटे की मशक्कत के बाद सोनू का शव बाहर आ सका। अजीत का पता नहीं चला। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर रामानुज सिंह आैर एसओ ने महाजाल डलवाकर अजीत के शव को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन समाचार लिखे जाने तक पता नहीं लग सका था। सोनू के शव को देखकर परिवारवालों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।