बैरिया पुलिस द्वारा पकड़े ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के हत्यारोपी युवक।
- फोटो : BALLIA
बैरिया। रेवती थाना क्षेत्र के गोपालनगर निवासी पूर्वांचल बैंक के ग्राहक सेवा केन्द्र चलाने वाले दिलीप कुमार यादव की हत्या कर शव को बोरे में बन्द कर फेंके जाने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी जयप्रकाश यादव, गोपालनगर थाना रेवती व प्रेमप्रकाश सिंह उर्फ राजा सिंह, मठ योगेन्द्र गिरी थाना बैरिया के रहने वाले हैं। शुक्रवार से गायब दिलीप का शव भागड़ नाले में सोमवार की देर रात बोरे में बन्द मिला था, जबकि दूसरे बोरे में लैपटॉप व हेलमेट मिला था। घटना स्थल से 10 किमी दूर दिलीप की बाइक धतुरीटोला गांव के पास एक खेत में लावारिस मिली थी।
ज्ञात हो कि दिलीप यादव की हत्या के दोनों आरोपी जयप्रकाश व प्रेम प्रकाश को मठ योगेन्द्र गिरी चट्टी के पास शिवमंदिर के निकट से मंगलवार की शाम बैरिया चौकी इंचार्ज गिरिजेश कुमार सिंह ने गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी किसी वाहन से बिहार भागने के फिराक में थे। दोनों आरोपियों ने मृतक के साथ पकौड़ी खाने, शराब पीने व नशे के हालत में दिलीप की हत्या करने और शव को ठिकाने लगाने के लिए शव को बोरे में भरकर फेंकने की बात स्वीकार कर लिया है। दिलीप को जिस डंडे से मारा गया था पुलिस ने उस डंडे को भी बरामद कर लिया है। पुलिस की मानें तो जयप्रकाश यादव के खिलाफ रेवती थाने में बलवा व गुंडा एक्ट का मुकदमा पहले से पंजीकृत है। मृतक दिलीप के पिता की शिकायत है कि बैरिया पुलिस चाहती तो उसकी बेटे की जान बच जाती। लेकिन पुलिस ने हमलोगों की शिकायत पर गुमसूदगी का मुकदमा दर्ज कर शांत हो गई।