नरहीं के कोरंटाडीह पुलिस चौकी से महज कुछ दूरी पर गंगा की ओर जाने वाले मार्ग पर 14 सितंबर को अज्ञात युवक के मिले शव के मामले में पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि हत्या कर युवक का शव फेंका गया था। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने हत्या की आंशका जताई थी। मिले अज्ञात शव के सिर में गंभीर चोट के निशान थे। दो दिन बाद युवक की शिनाख्त गाजीपुर मुहम्मदाबाद अग्रवाल टोली निवासी विजय गुप्ता के रूप में हुई।
घटना के 34 दिन बाद पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दो अभियुक्तों अजय चौधरी व चंदन यादव निवासी नसीरपुर मठ को गिरफ्तार कर उनके पास से युवक की बाइक व हत्या में उपयुक्त हथियार बरामद किए।
नरहीं थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि थाने में दर्ज हत्या के मुकदमे के खुलासे के लिए दो टीमें लगी थीं। रविवार को पुलिस टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को एक बाइक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने ईचालान से बाइक नंबर की जांच की तो विजय गुप्ता के नाम से बाइक का रजिस्ट्रेशन मिला।
गिरफ्तार किए गए अजय चौधरी व चंदन यादव निवासी नसीरपुर मठ ने बताया कि 13 सितंबर की रात हम दोनों ने विजय गुप्ता के साथ शराब पी। उसके बाद लालच में आकर विजय की हत्या कर उसकी बाइक व मोबाइल लेकर भाग गए। पुलिस के पकड़े जाने के डर से मोबाइल को गंगा नदी में फेंक दिया था।