पुलिस लाइन परिसर में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्प चक्र अर्पित करने ज
बलिया। पुलिस स्मृति दिवस पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस दौरान शोक परेड आयोजित कर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।
शोक परेड में शामिल सशस्त्र पुलिस टुकड़ियों ने शस्त्र झुकाकर शहीदों को सलामी दी। पुलिस अधीक्षक ने देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान इस वर्ष सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों के नामों का पाठ किया। उपस्थित पुलिसकर्मियों ने शहीदों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को याद किया। इस अवसर पर 21 अक्तूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सैनिकों के हमले का मुकाबला करते हुए शहीद हुए पुलिस जवानों के बलिदान का भी स्मरण किया गया। उन्हीं वीर जवानों की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्तूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि पुलिस का प्रत्येक जवान आमजन की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे तत्पर रहता है। शहीदों का सर्वोच्च बलिदान पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ देशसेवा करने की प्रेरणा देता है। बलिया पुलिस समाज में शांति, सौहार्द बनाए रखने और कानून का राज स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, विभिन्न थानों के प्रभारी, पुलिसकर्मी और सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। संवाद