बलिया के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
बलिया जिले के बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने जम्मू कश्मीर के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों महबूबा मुफ्ती व फारूख अब्दुल्ला पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराने की मांग जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से की है। विधायक सुरेंद्र सिंह ने यह जानकारी शनिवार को चांदपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों को दी।
बैरिया विधायक ने कहा कि फारूख अब्दुल्ला धारा 370 की बहाली के लिए दुश्मन देश चीन से सहयोग लेने की बात कर रहे हैं। वहीं महबूबा मुफ्ती धारा 370 पुन: लागू होने तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं उठाने की बात कर रहीं हैं। दोनों नेता भारतीय संविधान, देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ के साथ जनप्रतिनिधि निर्वाचित हुए हैं। फिर भी वे देश से गद्दारी कर रहे हैं।
कहा कि ये लोग किसी अरब मुल्क में होते तो वहां की सरकार इनके सिर कलम करवा देती। ये लोग चीन में होते तो वहां की सरकार गद्दारी के मामले में फांसी दे देती या गोली मरवा देती। भारत की महानता है कि इतना कुछ करने के बाद भी ये आजाद हैं। कांग्रेस को देश की समस्याओं का जनक बताते हुए विधायक ने कहा कि आज भी ये देश को तोड़ने में लगी है।
सपा, बसपा व वामपंथी कांग्रेस के सहयोग में हैं। लेकिन मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि आरएसएस व बीजेपी के रहते ये लोग अपने नापाक मंसूबों में सफल नहीं होंगे। दुर्जनपुर कांड पर विधायक ने कहा कि मैं अपने स्टैंड पर कायम हूूं। घटना की जांच निष्पक्षता से हो, इसके लिए जो भी संभव होगा करूंगा, मैं किसी भी कीमत पर अपने पैर पीछे खींचने वाला नही हूं।