रेवती। बधाई की रकम कम मिलने पर हुए मारपीट में बुधवार की शाम दतहा निवासी संजीत साहनी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर किन्नरों ने हंगामा किया। थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद किन्नर थाने से गए।
थाना क्षेत्र के दहता निवासी एक व्यक्ति के यहां तीन महीने पहले पुत्र हुआ था। इस बात की जानकारी होने के बाद सोमवार को सहतवार निवासी किन्नर काजल, प्रिया, अनु, सुनीता बधाई गाने के लिए उस व्यक्ति के घर पहुंची थीं। उस दिन मना करने पर वे बिना बधाई गाए वापस लौट गईं।
मंगलवार के दिन इनका दल पुनः उस व्यक्ति के घर पहुंचा। बधाई की रकम कम होने के कारण वहां विवाद हो गया।
इसी बीच थाना पर पहुंची सुनीता किन्नर ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने कान का सोने के टप्स तथा सोने की चेन छीन ली। थाने में हंगामे के दौरान रेवती किन्नर टीम की मालिक मीरा किन्नर भी पहुंची थी।
इसके बाद रेवती और सहतवार की किन्नरों के बीच क्षेत्र अतिक्रमण किए जाने को लेकर कुछ देर के लिए आपस में भी नोकझोंक हुई।
इसके बाद थानाध्यक्ष के समझाने बुझाने पर मामला शांत हुआ। पुलिस ने बताया कि एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।