बैरिया। तहसील क्षेत्र में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, दम तोड़ता दिखाई दे रहा है। लाभार्थियों के खाते में धन भेजने के बावजूद हजारों लाभार्थी शौचालय का निर्माण नहीं कराए हैं। इसके लिए ग्राम पंचायतों से संबंधित सचिव द्वारा लाभार्थियों को तीन बार नोटिस देकर शौचालय निर्माण कराने का अल्टीमेटम दिया जा चुका है। अब ऐसे लाभार्थियों के खिलाफ ब्लॉक प्रशासन आरसी जारी करने की तैयारी कर रहा है।
बैरिया विकास खंड अंतर्गत कुल 30 ग्राम पंचायत हैं। इस ब्लॉक को दो अक्टूबर 2014 से अब तक कुल 16 हजार 291 शौचालय बनाने का लक्ष्य दिया गया है। अभी उक्त शौचालय का निर्माण पूरा नहीं हुआ तब तक पुन: 692 शौचालय का और लक्ष्य दे दिया गया। 16291 शौचालयों के निर्माण के लिए 19 करोड़ 54 लाख 92 हजार रुपये भी आवंटित कर दिए गए और धनराशि लाभार्थियों के खाते में भेज दी गई। लेकिन अब तक 7656 शौचालयों का ही निर्माण हो सका है। अभी भी 6285 शौचालयों का निर्माण नहीं हुआ है। इसमें नौरंगा में 1188 के सापेक्ष 278, गोपालपुर में 760 के सापेक्ष 501, जगदेवा में 521 के सापेक्ष 157, चकगिरधर में 426 के सापेक्ष 306, चाईछपरा में 426 के सापेक्ष 155 शौचालयों का ही निर्माण हो सका है। कई ग्राम पंचायतों में सिर्फ शौचालय का ढांचा खड़ा कर उसमें उपले रखी जा रही हैं। तो दर्जनों शौचालयों को जैसे तैसे निर्माण तो कर दिया गया है लेकिन उक्त शौचालय का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। लाभार्थियों का कहना है कि 12 हजार में किसी भी सूरत में छोटा भी शौचालय का निर्माण नहीं हो सकता है और हम गरीब अपने जेब से धन खर्च करने में समर्थ नहीं हैं। अब ब्लॉक की ओर से इन लाभार्थियों के खिलाफ आरसी जारी करने की तैयारी की जा रही है।
एडीओ पंचायत योगेश चौबे ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत पात्र लाभार्थियों के खाते में धन भेजने के बावजूद शौचालय का निर्माण नहीं करने वाले लाभार्थियों को तीन बार नोटिस दी जा चुकी है। अब धनराशि वसूली के लिए उनके खिलाफ आरसी जारी करने की तैयारी की जा रही है।