बलिया। पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को सदर कोतवाली व रसड़ा कोतवाली का निरीक्षण किया। आगामी होली, रमजान व नवरात्र को शांति तरीके से संपन्न कराने के लिए लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान हथियारों व उपकण का निरीक्षण कर चलाने व उसका प्रयोग के बारे में पुलिसकर्मियों से पूछा। व्यापारियों व सम्मानजनक लोगों से बैठकर सुरक्षा को लेकर आश्वस्त किया। उधर, पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में डीआईजी ने एसपी ओमवीर सिंह, एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर, उत्तरी दिनेश शुक्ल व सभी सीओ, थाना प्रभारियों व शाखा प्रभारियों के साथ गोष्ठी की। असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थों एवं शराब की तस्करी पर रोकथाम, अवैध हथियारों की तस्करी पर रोकथाम, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई व नियंत्रण आदि पर चर्चा की।
महिला अपराधों के अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही करने, सभी मुख्य बाजार/मार्गों, चौराहों एवं हाइवे पर रात्रि गश्त एवं प्रभावी चेकिंग करने को कहा। इसके पश्चात पुलिस ऑफिस का भ्रमण किया। क्षेत्राधिकारी कार्यालय, अपराध शाखा, प्रधान लिपिक कार्यालय आदि का निरीक्षण किया।
डीआईजी से मिलकर दो युवकों की गिरफ्तारी पर जताया असंतोष
रसड़ा । डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने रसड़ा कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उनसे कोटवारी गांव में रिजवान की मौत के मामले में परिजन मिले। उन्होंने मामले में दो युवकों की गिरफ्तारी पर असंतोष व्यक्त कर सही आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
अधिवक्ता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश यादव एवं महासचिव अमित मणि त्रिपाठी ने न्यायालय परिसर के बाहर अतिक्रमण हटाने एवं न्यायालय की जमीन से उपनिबंधन कार्यालय से स्थानांतरण की मांग की। शारदानंद पासवान ने चौकीदार संघ के सदस्यों के साथ मिलकर पत्रक सौंपा। माधोपुर निवासी उदय नारायण ने शिकायती पत्र देकर अपनी भाभी से जान-मॉल का खतरा बताते हुए शिकायत की। अमित जायसवाल ने नगर में जुटली गड़ही स्थित मटकोड़ घर से मछली बाजार को हटाने की मांग की।
इसके पूर्व डीआईजी ने कोतवाली परिसर का शस्त्रागार, अभिलेख, कंप्यूटर कक्ष, साइबर सेल, नारी शक्ति मिशन, मेस सहित परिसर में सुंदरीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया।