बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के अवायां ग्राम के उस्मानपुर मौजा में मंगलवार की देर शाम करंट लगने से मासूम की मौत हो गई। मासूम को बचाने के प्रयास में उसकी मां उर्मिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद घर में मातम पसर गया।
उस्मानपुर निवासी स्व. सोमेश्वर राजभर की पुत्री उर्मिला कुछ दिनों पूर्व मायके आई हुई थी। मंगलवार की शाम वह टीनशेड वाले कमरे में खाना बना रही थी। उसका तीन वर्षीय बालक बाहर खेल रहा था। इस दौरान टीन शेड से लटके एक लोहे की छड़ में प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आकर बालक की मौके पर ही मौत हो गई। उधर, बच्चे को ढूंढते हुए उसकी मां बाहर निकली और अचेत पड़े बच्चे को उठाने का प्रयास करने लगी, जिससे उसे करंट का तेज झटका लगा। इस बीच गांव के लोग मौके पर पहुंचे तथा लकड़ी के सहारे महिला को करंट से अलग किया, जिससे उसकी जान बच गई। आनन-फानन में परिजनों ने झुलसे बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद घर में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
सूनी हो गई मां की गोद
बेल्थरारोड। करंट की जद में आने से मासूम की मौत से उसकी मां उर्मिला की गोद सूनी हो गई। मंगलवार की शाम टीन शेड वाले कमरे में खाना बनाते समय उर्मिला बच्चे को बाहर खेलने के लिए छोड़ दिया, ताकि वह आराम से खाना बना सके। लेकनि नियति को कुछ और ही मंजूर था। खेलते हुए बालक ने टीन शेड से लटके लोहे को पकड़ लिया। चार दिन में पूर्व ही उर्मिला ससुराल से मायके आई थी। बालक की मौत से उर्मिला चीत्कार उठी और घर में महिलाओं का करुण-क्रंदन शुरू हो गया।