सिकंदरपुर। सिकंदरपुर-मनियर मार्ग पर खरीद गांव के समीप मंगलवार देर रात स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सिकंदरपुर के थाना प्रभारी हरिशंकर सिंह ने बताया कि जिंदापुर निवासी आतिफ (14) पुत्र अब्दुल खान, निशान (17) पुत्र अब्दुश खान और उभांव थाना क्षेत्र के चैनपुर गिलौरियां निवासी आबिद खान (15) पुत्र हिदायतुल्लाह खान स्कूटी से सिकंदरपुर की ओर आ रहे थे। खरीद गांव के पास स्कूटी असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आतिफ को मृत घोषित कर दिया। वहीं, निशान और आबिद की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। किशोर की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
बाइक की टक्कर से युवक की मौत
रसड़ा। रसड़ा क्षेत्र के नागपुर गांव में मंगलवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना हो गई। इसमें बाइक की चपेट में आने से साइकिल सवार अनिल राजभर (28) की मौत हो गई। मोतिरा निवासी अनिल राजभर प्रतिदिन की तरह साइकिल से रसड़ा जा रहे थे। नागपुर गांव के ईट-भट्ठे के समीप एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद बाइक चालक मौके से भाग निकला। अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने रसड़ा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मऊ रेफर कर दिया। मऊ में इलाज के दौरान अनिल ने दम तोड़ दिया। कोतवाली प्रभारी सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संवाद
-
रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
फोटो 31
संवाद न्यूज एजेंसी
रसड़ा। मऊ मार्ग पर पकवाइनार रेलवे क्रॉसिंग के समीप ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से प्रकाश सिंह (21) की बलिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मऊ जनपद के हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद निवासी मनोज कुमार सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र प्रकाश सिंह गांव के ही सोनू कन्नौजिया के साथ बाइक से किसी काम से रसड़ा आ रहा था। इसी दौरान पकवाइनार रेलवे क्रॉसिंग के समीप विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने प्रकाश सिंह को उपचार के लिए बलिया अस्पताल भेजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रसड़ा के कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में एक युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
-
कीड़ीहरापुर में ट्रेन से कटकर युवक की मौत, शिनाख्त नहीं
भीमपुरा (बलिया)। मऊ-भटनी रेल मार्ग पर बुधवार शाम किड़ीहरापुर रेलवे स्टेशन के उत्तरी फाटक के पास एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। वह भटनी-वाराणसी सिटी पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आया था। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की पहचान का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक शिनाख्त नहीं हो सकी। ट्रेन चालक ने बुधवार शाम घटना की सूचना किड़ीहरापुर रेलवे स्टेशन अधीक्षक को दी। युवक ने आसमानी बनियान और काले रंग का छींटेदार हाफ पैंट पहन रखा था। शिनाख्त न होने पर जीआरपी मऊ ने देर शाम शव पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। इंदारा रेलवे के आरपीएफ चौकी इंचार्ज प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद
-