बलिया जिले में गड़वार थाना क्षेत्र के कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार के छात्र अरशद अहमद की हाईटेंशन तार के करंट से हुई मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर, सहायक अध्यापक अनिल कुमार, शिक्षामित्र दीपचंद्र राम शामिल हैं। इनको सीजीएम शैलेश पांडेय की कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने सभी को जेल भेज दिया।
क्या है पूरा मामला
कनैला गांव में सोमवार की सुबह विद्यालय पहुंचे 11 वर्षीय अरशद अहमद को शिक्षक ने मध्याह्न भोजन के लिए लौकी तोड़ने के लिए विद्यालय की छत पर भेजा था। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार के करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी।
जानकारी होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की थी। मृतक के भाई सलमान की तहरीर पर पुलिस ने प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर, सहायक अध्यापक अनिल कुमार, शिक्षामित्र दीपचंद्र राम और बिजली निगम के अवर अभियंता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी।
थानाध्यक्ष हितेश कुमार ने बताया कि उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव की टीम ने मंगलवार को नामजद विजय शंकर, अनिल कुमार और दीपचंद्र राम को गिरफ्तार कर लिया है। प्रधानाचार्य व शिक्षक को निलंबित कर शिक्षामित्र की सेवा समाप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।