नगर के एक होटल में छापेमारी करने पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम।जागरुक पाठक
बलिया। सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा शनिवार की देर शाम वैशाली रोड स्थित एक होटल पर जांच करने पहुंचे। आग से बचाव के इंतजाम व एनओसी न मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसपर होटल मालिक ने सिटी मजिस्ट्रेट को ही कोर्ट ले जाने की धमकी दे दी। जिसपर सिटी मजिस्ट्रेट बिफर गए। उन्होंने तत्काल होटल को खाली करवाकर सभी कमरों को बंद कर नोटिस चश्पा करवा दिया। मजिस्ट्रेट की कार्रवाई से होटल मालिक ऊपर आवासीय परिसर होने की गुहार लगाते हुए सील न करने की गुहार लगाने लगा। हालांकि होटल पर नोटिस चश्पा कराया गया कि यहां पर व्यापारिक गतिविधि नहीं होगी।
शनिवार को शहर के विभिन्न होटल, रेस्टोरेंट और मैरिज हॉल में संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। दो रेस्टोरेंटों को सील कर दिया गया, जबकि कई प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर मानक पालक के निर्देश दिए गए।
सिटी मजिस्ट्रेट आशा राम वर्मा, सीओ सिटी सतीश शर्मा, नगर कोतवाल प्रवीण और अग्निशमन अधिकारी संजय की टीम सबसे पहले विशुनीपुर चौराहे के पास बेसमेंट में संचालित स्वाद रेस्टोरेंट पहुंची। आग से बचाव के उपकरण नहीं मिले। परिसर को सील करा दिया गया। इसके बाद टीम रेलवे स्टेशन के सामने टाउन हॉल रोड स्थित आरजी इन रेस्टोरेंट पर टीम पहुंची। रेस्टोरेंट को खाली कराकर सील कर दिया गया।वैशाली रोड स्थित एक होटल, रेस्टोरेंट में आग से बचाव के उपकरण नहीं मिले।
सिटी मजिस्ट्रेट आशा राम वर्मा ने कहा कि दो रेस्टोरेंटों को सील किए गए हैं। जांच जारी रहेगी। संवाद