बलिया। माडल रेलवे स्टेशन के सार्वजनिक शौचालय और वाहन स्टैंड से पानी की अवैध हजारों बोतलें बरामद की गईं। स्टेशन अधीक्षक और डीसीआई की संयुक्त टीम द्वारा बोतल बंद पानी बरामद किया गया। शिकायत मिलने के बाद रेलवे के अधिकारियों ने कार्रवाई किया।
स्टेशन अधीक्षक संजय सिंह और डीसीआई पीएन मिश्रा को गुप्त सूचना मिली की कुछ लोग अवैध रूप से पानी की बोतलें प्लेटफार्म और ट्रेनों में बेचने के लिए बंद बोतल पानी शौचालय एवं वाहन स्टैंड पर रखा गया है। सूचना के आधार पर गुरुवार को दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छापामारी किया। छापामारी के दौरान शौचालय और वाहन स्टैंड से लगभग पचास पेटी बंद बोतल पानी बरामद किया गया। रेलवे के अधिकारियों ने पानी की बोतलों को सील कर दिया। बताया जा रहा है कि प्लेटफार्म और विभिन्न ट्रेनों में अवैध पानी बेचने का एक रैकेट काम कर रहा है। जो पानी की बोतलों को छिपाकर रखता है। समय मिलते ही बेचने का काम शुरू कर देता है। ऐसे में यात्रियों को गुणवत्तापरक पानी नहीं मिल पाता है। इसकी शिकायत रेलवे के अधिकारियों से कई बार की गई थी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद रेल के अधिकारियों ने छापामारी कर रैकेट का भंडाफोड़ किया है। स्टेशन के शौचालय और वाहन स्टैंड के ठेकेदार से पूछताछ किया जा रहा है।
अवैध वेंडरों के खिलाफ जारी रहेगी कार्रवाई: संजय सिंह - बलिया। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि शिकायत पर गुरुवार को छापामारी की गई। छापामारी की कार्रवाई में पचास पेटी पानी बरामद किया गया है। यात्रियों को गुणवत्तापरक पानी उपलब्ध हो सके, इसके लिए किसी भी अवैध वेंडर को प्लेटफार्म पर प्रवेश नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने बताया कि छापामारी आगे भी जारी रहेगी, जिससे अवैध वेंडरों का हौसला पस्त हो सके।