पेयजल को सूखे कंठों ने लगाई गुहार
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र के तेरह गांवों की पेयजल आपूर्ति ठप होने से पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। गांव में पिछले एक सप्ताह से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। क्षेत्रीय लोगों ने इसके लिए विभागीय अधिकारियों से शिकायत की बावजूद अभी तक पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हुई है।
क्षेत्र के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नरहीं गांव में पानी टंकी स्थापित की गई। कुछ वर्षो तक सब कुछ ठीक-ठाक चला। लेकिन इसके बाद से कभी लो-वोल्टेज तो कभी मोटर व स्टाटर जलने के कारण पेयजल आपूर्ति आए दिन ठप हो जाती है। अब करीब एक सप्ताह से स्टाटर जलने के कारण क्षेत्र के रामपुरचीट, उसरौली, महरेव, हसाईपुर, मर्ची, खमीरपुीडीह, नरहीं, गणपुरा, सोबंथा, बैरिया, बिलरिया, शाहपुर बभनौली नई बस्ती, सुरापाली आदि गांवों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। इसके चलते लोगों को खासी परेश्ाानी हो रही है। विद्युत चालित उद्योग भी ठप पड़ गए हैं। साथ ही स्कूल के बच्चों भी परेशान हो रहे हैं।
लोगों ने इसके लिए कई बार शिकायत भी की लेकिन नतीजा सिफर रहा। इसके निजात के लिए ग्रामीणों ने संबंधित विभाग को कई बार पत्रक लिखा। ग्रामीण ने चेताया कि अगर शीघ्र जले स्टाटर को दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी विभाग की होगी।