नरहीं। एनएच 31 सोमवार की रात में एक बार फिर जाम की चेपट में रहा। इस दौरान 15 किलोमीटर तक वाहनों का काफिला आठ घंटे तक जाम के कारण सड़क पर रेंगता रहा। बक्सर में भी जाम का सामना करना पड़ा।
गर्मी में जाम में फंसे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा तो मंगलवार की सुबह बच्चों को स्कूल जाने में भी देरी का सामना करना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, बक्सर रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले 100 से अधिक यात्रियों की ट्रेनें छूट गई। सोमवार को रात में 11 बजे से भरौली गोलंबर पर जाम लगना शुरू हुआ और 12 बजे तक जाम भीषण हो गया। देखते ही देखते जाम भरौली गोलम्बर से बसंतपुर गांव के आगे तक पहुंच गया। इतना ही नहीं जाम का असर गाजीपुर मार्ग पर गाजीपुर जिले के मिर्जाबाद मनिया के आगे तक 10 किलोमीटर तक प्रभावी रहा, जो मंगलवार की सुबह आठ बजे तक कायम रहा। बक्सर में रेलवे स्टेशन रोड बक्सर गोलंबर से भोजपुर तक लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। इस दौरान जाम में फंसे लोग गर्मी से बेहाल दिखे। रात भर एनएच 31 पर वाहन रेंगते रहे। गाजीपुर जिले और बलिया के यात्रियों की बक्सर में ट्रेन छूट गई तो वाहनों से विद्यालय जाने वाले बच्चे विद्यालय डेढ़ घंटे विलम्ब से पहुंचे।
बता दें कि 17 मई 2023 को वीर कुंवर सिंह सेतु के बगल में बने नए पुल को जनता को समर्पित कर दिया गया था। इसके बाद से बक्सर और भरौली गोलंबर जाम के चपेट में हैं। आए दिन जाम लगना आम बात हो गई है।