रॉड से चाड़कर उठाया गया दुकान का शटर।
- फोटो : अमर उजाला
चोरी की घटना से नाराज सराफा व्यापारियों ने बंद रखीं दुकानें, दिया धरना
एक ही रात दो आभूषणों की दुकानों पर 60 लाख रुपये से अधिक के आभूषणों की चोरी के मामले में क्षेत्र के सभी आभूषण व्यवसायी लामबंद हो गए हैं। स्वर्णकारों ने बैरिया डाक बंगला में शनिवार को बैरिया पुलिस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
आभूषण व्यवसायियों का कहना है कि पुलिस चौकी बैरिया के निकट डाक बंगला रोड पर शुक्रवार की रात दो आभूषण की दुकानों में चोरी की घटना पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगा रही है। जब तक पुलिस मामले का राजफाश करके चोरी गया आभूषण बरामद नहीं कर लेगी तब तक पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना जारी रहेगा।
स्वर्णकार संगठन के राष्ट्रीय महासचिव सुनील सराफ मौके पर पहुंचे। व्यापारियों से वार्ता के बाद उन्हें समझाया बुझाया। प्रदेश व जिला संघ के पदाधिकारियों ने धरना समाप्त कराते हुए तीन दिन का मौका पुलिस को दिया।अगर पुलिस चोरों को गिरफ्तार कर माल बरामद नहीं करती है तो पुलिस के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक से मिलकर घटना के संबंध में त्वरित कार्रवाई के लिए ज्ञापन देने का निर्णय लिया। अशोक कुमार सराफ, विजय वर्मा, संतोष सराफ, पप्पू सोनी, मुकेश सोनी, सिंपू सोनी, अमित सोनी, पिंटू वर्मा, रिंकू वर्मा, शशिकांत वर्मा, सुनील सराफ, जयप्रकाश सोनी मौजूद रहे। आभूषण व्यवसायी पूरे दिन अपनी दुकानों को बंद कर धरने पर बैठे रहे।