हल्दी में भूख हड़ताल पर बैठे जन आन्दोलन में युवाओं के साथ बैठे बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह।
- फोटो : BALLIA
हल्दी। मुख्य मार्ग से गांवों को जोड़ने वाली सड़क व पुलिया के निर्माण व मरम्मत कार्य सहित पांच सूत्रीय मांगो के लिए हल्दी ढाले पर आजाद भोला पांडेय व आनंद प्रकाश पांडेय द्वारा किया जा रहा अनशन तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। अनशनकारियों के समर्थन में उतरे अन्य युवाओं ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का शव यात्रा निकाली। क्षेत्र के युवा नेता छोटू उपाध्याय भी अनशन में शामिल हुए।
छोटू उपाध्याय ने कहा कि यह मात्र दो लोगों की लड़ाई नहीं है ये लड़ाई इस क्षेत्र की जनता की है। आज से मैं भी इन युवा भाईयों के साथ अन्न जल का त्याग कर उनके साथ अनशन करूंगा। इस दौरान आंदोलन स्थल पर पहुंचे बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह ने फोन द्वारा पीडब्ल्यूडी के उच्चाधिकारी से बात कर 17 नवंबर से काम शुरू कराने की बात कही। जिस पर अनशनकारी आजाद भोला पांडेय, आनंद पांडेय व छोटू उपाध्याय का कहना है पीडब्ल्यूडी अधिकारियों द्वारा पहले भी आश्वासन मिला था जो झूठा साबित हुआ। इसलिए 17 नवंबर तक अनशन जारी रहेगा और अगर काम शुरू नहीं हुआ तो हम अनशनकारी आत्मदाह करेंगे। वहीं, कांग्रेस नेता विनोद सिंह ने भी युवाओं को समर्थन देते हुए कहा कि अगर 17 नवंबर से कार्य शुरू नहीं हुआ तो मैं भी इन युवाओं के साथ इस लड़ाई में भाग लूंगा। अनशन पर बैठे युवाओं का शारीरिक जांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवानी के डॉक्टरों द्वारा किया गया। इस मौके पर अनुराग ओझा, पीयूष पांडेय, अंकित सिंह, अनुराग ओझा, पीयूष पांडेय, अंकित सिंह, सोनू मिश्र, कुणाल सिंह, मोनू गुप्ता, विवेक चौबे, निर्मल सिंह, कुर्वान, अक्षय तिवारी, लक्ष्मीकांत पांडेय, सौरभ सिंह सहित हल्दी थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय अपने सहयोगियों के साथ उपस्थित रहे।