नगर के रामपुर उदयभान स्थित रामविचार रामरती सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में आयोजित प्रदर्शनी मे?
- फोटो : BALLIA
बलिया। श्रद्धेय दंतोपंथ ठेगड़ी के जनशताब्दी के अवसर पर डा. रामविचार रामरती सरस्वती बालिका विद्या मंदिर रामपुर उदयभान में गुरुवार को बालिकाओं द्वारा स्वनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें बालिकाओं ने मिट्टी के दिए एवं मूर्तियां बनाएं तथा स्वयं उसे भट्ठी में पकाकर रंग-रोगन कर सुसज्जित किया। इसके अलावा झालर, तोरण व रंगोली से विद्यालय परिसर को सुंदर ढंग से सजाया। प्रदर्शनी की साज-सज्जा को देखकर ऐसा लग रहा था कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना का रूप साकार होता दिख रहा है। इस अवसर पर विद्यालय की व्यवस्थापिका डॉ अमिता सिंह ने बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य उमा सिंह ने स्वदेशी अपनाओ देश बचाओ का भाव सभी में भरकर आत्मनिर्भर भारत बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गोरक्ष प्रांत के मंत्री अक्षयऌ ठाकुर, नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, माल्देपुर के प्रधानाचार्य अरविंद सिंह चौहान, नागाजी सरस्वती शिशु व विद्या मंदिर भृगु आश्रम के प्रधानाचार्य बजरंगी सिंह ने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद बालिकाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की। तत्पश्चात अतिथिगणों ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए स्वदेशी के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला। अंत में विद्यालय द्वारा बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इसके पूर्व अतिथि गणों ने मां सरस्वती, भारत माता एवं ऊं के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर विद्यालय की सभी शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।