नरहीं। वीर कुंवर सिंह सेतु पर रविवार को करीब साढ़े ग्यारह बजे युवक बाइक से पहुंचा और बीच पुल पर बाइक खड़ा करके नदी में छलांग लगा दी। मोबाइल और चप्पल पुल पर ही छोड़ दिया था। राहगीरों को शोर मचाने पर नाविकों ने उसे बचा लिया।
भरौली पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और फोन से घरवालों को सूचना दी। युवक ने अपना नाम सिद्धू प्रजापति बताया। वह आरा जिले के जमोढी गांव का रहने वाला है। युवक ने बताया कि वह बक्सर अपनी ससुराल में पत्नी, दो बेटियों और बेटे के साथ आया था। किसी बात को लेकर ससुराल में कहासुनी हो गई। जिसके बाद नाराज सिद्धू ने यह खौफनाक कदम उठाया। इस बाबत नरही थाना प्रभारी मदन पटेल ने बक्सर से ससुरालीजनों और उसके घर वालों को बुलाकर युवक को सुपुर्द कर दिया।