सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन स्थित टिकट न मिलने से नाराज होकर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : BALLIA
बैरिया। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के आरक्षित टिकट काउंटर के सामने लगातार दूसरे दिन भी यात्रियों ने रेल मंत्री व संबंधित प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बुधवार को यात्री सुबह से ही टिकट के लिए कतार में खड़े थे, जब सुबह आठ बजे टिकट काउंटर नहीं खुला तो यात्रियों का धैर्य टूट गया। यात्रियों ने टिकट न मिलने का कारण स्टेशन मास्टर से पूछा तो स्टेशन मास्टर द्वारा बताया गया कि जिला मुख्यालय पर ही कोई मशीन जल गया है, जिससे आज तीसरे दिन भी लिंक गायब है। ऐसे में नाराज यात्री टिकट काउंटर पर खड़े होकर रेलमंत्री व संबंधित रेल अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
धतुरी टोला निवासी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जनरल बोगी से लेकर आरक्षित बोगी तक लोकल यात्रा के लिए भी अब 24 घंटे पहले टिकट बुक कराना पड़ रहा है, लेकिन टिकट न मिलने से यात्रा मजबूरी में स्थगित करना पड़ रहा है। इब्राहिमाबाद निवासी राजेश सिंह ने कहा कि लगातार तीसरे दिन लिंक ठीक न होना रेल प्रशासन की उदासीनता दिख रहा है। दलनछपरा निवासी अशोक कुमार गोंड ने कहा की टिकट न तो कैंसिल हो रहा है और न आपात स्थिति में यात्रा के लिए तत्काल टिकट मिल रहा है, जिससे समस्या उत्पन्न हो गई है। दयाछपरा निवासी भीम प्रसाद ने बताया कि तीसरे दिन टिकट के लिए आया हूं, लेकिन लिंक फेल बताया गया है। फकरुटोला निवासी जगनरायन यादव ने बताया कि रेल यात्रा बहुत कठिन हो गया है। इस बाबत मंडल वाणिज्य अधीक्षक पशुपति नाथ मिश्र ने बताया कि मशीन जल जाने से बलिया, सहतवार, सुरेमनपुर कहीं पर भी टिकट आरक्षित नहीं हो पा रहा है, उम्मीद है कि मशीन जल्द ठीक कर लिया जाएगा।
-------------------------
मशीन ठीक होने पर दोपहर बाद मिलने लगा टिकट
बलिया। मॉडल रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर पर लगी किसी मशीन के जल जाने के कारण टिकट नहीं मिल पा रहा था। बुधवार को सुबह से आरक्षण टिकट के लिए लाइन में खड़े यात्रियों को बैरंग पुन: वापस लौटना पड़ा। लेकिन दोपहर बाद मशीन के ठीक हो जाने पर आरक्षण टिकट के लिए यात्रियों की लंबी कतार लग गई। वहीं टिकट मिलने के कारण यात्रियों ने राहत की सांस ली।
----------------------