बलिया। रेवती थाना के अधिसीझुवा गांव निवासी राजकुमार प्रसाद का 16 वर्षीय पुत्र चार दिन बाद बृहस्पतिवार की रात में घर पहुंचा तो परिजनों ने राहत की सांस ली। वह चार दिन पहले कोचिंग के लिए घर से निकला था। परिजनों के काफी खोजबीन के बावजूद उसका सुराग न लगने पर पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
बुधवार को किशोर ने किसी के मोबाइल नंबर से फोन किया और कुछ रुपये की मांग की। उसके बाद मोबाइल नंबर बंद हो गया। किशोर का का भी कहीं पता नहीं चलने पर परिजन परेशान थे। थाना क्षेत्र में इसके पूर्व दो युवकों की हत्या होने के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। पिता राजकुमार ने एसपी कार्यालय पहुंच कर एएसपी से पुत्र की तलाश की गुहार लगाई थी। एएसपी कृपाशंकर के निर्देश पर पुलिस टीम सक्रिय होकर खोजबीन में जुट गई।
इसी बीच देर रात में किशोर घर पहुंच गया। पूछताछ में उसने बताया कि सुरेमनपुर स्टेशन से वाराणसी पहुंच गया था। थाना प्रभारी प्रशांत चौधरी ने बताया कि किशोर सकुशल घर पहुंच गया है।