रामगढ़/ मझौवा/बैरिया (बलिया)। तिरंगे में लिपटे सैन्यकर्मी दीपक यादव का शनिवार की सुबह गंगा नदी के हुकुमछपरा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। आठ माह के दुधमुंहे इकलौते बेटे दिव्यांश ने मुखाग्नि दी तो लोगों की आंखें डबडबा गईं। रेवती थाने के सब इंस्पेक्टर प्रभाकर शुक्ला ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर सम्मान दिया।
इससे पहले शुक्रवार की देर रात उपजिलाधिकारी बैरिया आलोक प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार से फोन पर सैन्यकर्मी के परिजनों से बात कराई थी। डीएम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष मामले को रखने और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
इसके बाद परिजनों ने शनिवार की सुबह सात बजे हुकुमछपरा गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया। अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद हर कोई यहीं कह रहा था कि दीपक आत्महत्या नहीं कर सकता आखिर उसकी मौत कैसे हुई इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए । इस दौरान गंगा घाट पर समाज सेवी विनय , राजेंद्र , जय प्रकाश , आदि रहे।
वहींं, शुक्रवार को फौजी दीपक का शव गांव में आते ही मातम पसर गया। परिजन और ग्रामीण मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग कर रहे थे।