बांसडीहरोड। सोमवार को बांसडीहरोड तिराहे के समीप एक दुकानदार पर कुछ युवकों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वही किसी ने हमलावरों की बाइक में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
बताया जा रहा है कि रविवार की रात बभनौली गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में फुलवरिया गांव के एक युवक व गांव के दूसरे युवक के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गयी थी। इस दौरान मामले को शांत कर दिया गया था। इसी विवाद की बात को लेकर सोमवार की शाम कुछ युवक बांसडीहरोड तिराहे पर अपने दो साथियों के साथ बाइक से दुकानदार विवेक पांडेय (21) की दुकान पर पहुंचे और उसे बिना किसी बात के पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच बाजार में दुकानदार के साथ हो रही मारपीट को देख स्थानीय दुकानदार भी आक्रोशित हो गए और हमलावर मौके से अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले। इसके बाद गुस्साए लोगों ने हमलावरों की बाइक में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जलती बाइक को बुझाया और उसे साथ थाने लेती गई। उधर, सीओ बांसडीह प्रीति त्रिपाठी घटनास्थल से लेकर दोनों गांवों में चक्रमण कर दोनों पक्षों से मामले में पूछताछ की। इस बाबत सीओ बांसडीह प्रीति त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों में एक दिन पूर्व में विवाद हुआ था। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।