बलिया। मनियर क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की शाम फोटो स्टेट की दुकान में फोटो बनवाने अपनी छोटी बहन को साथ लेकर गई किशोरी को दुकान में घुसा कर दुकानदार ने जबरदस्ती दरवाजा बंद कर कुंडी लगा दी। बहन के साथ गई छोटी बच्ची दौड़कर घर गई और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने डायल 112 को सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस दुकान संचालक को पकड़कर थाने लाई। पुलिस ने दुकानदार से पूछताछ करने के बाद बुधवार को सुलह समझौता कराकर छोड़ दिया।
एक गांव निवासी किशोरी अपनी छोटी बहन के साथ मंगलवार की शाम फोटो बनवाने के लिए फोटो स्टेट की दुकान पर गई। बताया जाता है कि दुकानदार ने छोटी बच्ची को खदेड़कर किशोरी को अपनी दुकान के अंदर बंद कर दिया। खदेड़ी गई बच्ची अपने घर पहुंच परिजनों को पूरी बात बताई। आनन फानन में छोटी लड़की के साथ परिजन दुकान पर पहुंचे व दरवाजा खुलवाना चाहा लेकिन दुकानदार के दरवाजा नहीं खोलने पर परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर दुकानदार व किशोरी को बाहर निकाला और दुकानदार को थाने लाई। वहीं किशोरी को परिजनों को सौंप दिया। बुधवार को दिनभर चली पंचायत के बाद शाम को समझौता करा दिया गया।