रेलवे स्टेशन परिसर में ट्रेन में सवार होने के लिए धक्का-मुक्की करते यात्री।संवाद
बलिया/ बैरिया। उमस भरी गर्मी और तेज धूप के बीच ट्रेनों की लेटलतीफी यात्रियों के लिए भारी परेशानी का कारण बनी हुई है। बृहस्पतिवार को 20504 राजधानी एक्सप्रेस 52 मिनट लेट से पहुंची।
बलिया रेलवे स्टेशन पर जयनगर से आनंद विहार जाने वाली 14007 अप सद्भावना एक्सप्रेस का सुबह 7:08 बजे की जगह साढ़े तीन घंटे की देरी से सुबह 10:40 बजे पहुंची। 63333 अप पाटलिपुत्र-बलिया मेमू 11:26 बजे की जगह करीब दो घंटे विलंब से दोपहर 1:30 बजे स्टेशन पहुंची। इसके अलावा सात ट्रेनें दो से चार घंटे विलंब से पहुंचीं। वीरांगना लक्ष्मी बाई आसनसोल स्पेशल 3.17 घंटा लेट से पहुंची।
रेलवे स्टेशन पर बलिया-पाटलीपुत्र मेमू के इंतजार में प्लेटफॉर्म संख्या एक पर दो से तीन सौ के करीब यात्री बेंच व फर्श पर बैठकर इंतजार करते रहे। निर्धारित समय से दो घंटे विलंब से 1.30 बजे पहुंची। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन रुकते हुए इंतजार कर रहे यात्री पहले बैठने के लिए दौड़ पड़े, उतरने वाले यात्रियों को काफी फजीहत उठानी पड़ी। ट्रेन एक बजे की जगह 2.2 घंटे देर से पाटलीपुत्र के लिए प्रस्थान किया। सुरेमनपुर स्टेशन पर करीब पांच बजे पहुंची। पहले से ट्रेन फुल होने के कारण यात्रियों को अंदर घुसने में काफी परेशानी उठानी पड़ी। इस रूट पर पटना रेलमार्ग पर इकलौती ट्रेन होने के कारण बलिया स्टेशन पर ही ट्रेन फुल हो जाती है।
-
सुरेमनपुर स्टेशन पर पानी की किल्लत
तेज धूप व गर्मी में ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्री लंबे समय तक स्टेशन परिसर में बैठे रहने को विवश रहे। भीषण गर्मी और उमस के बीच यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर पेयजल की समुचित व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में यात्रियों को प्यास और गर्मी दोनों से जूझना पड़ा। ट्रेन रुकते ही ट्रेनों में बैठे यात्री खाली बोतल लेकर टोटी की तरफ दौड़ते है, लेकिन शीतल जल न मिलने के कारण निराश होकर लौट जाते हैं, कई बार पानी के चक्कर में ट्रेन छुटते-छुटते बचती है।
रेलवे स्टेशन परिसर में ट्रेन में सवार होने के लिए धक्का-मुक्की करते यात्री।संवाद