रेवती/ सहतवार। सहतवार थाना क्षेत्र के कुशहर ग्राम सभा स्थित कुशहर का मठिया पुरवा में बृहस्पतिवार की सुबह 18 वर्षीय हरेंद्र गिरी का शव सड़क पर रख परिजन हत्या का मामला दर्ज न होने पर दाह संस्कार न होने देने की जिद पर अड़ गए। मामले की जानकारी होते ही सहतवार, रेवती सहित अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंच कर परिजनों को मनाती रही, लेकिन परिजन अड़े रहे। छह घंटे के अथक प्रयास के बाद पुलिस परिजनों को मनाने में सफल हो पाई और शव को दाह संस्कार कराया । 0
सनभावती देवी ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे मेरे बेटे को बाइक पर बैठाकर विनोद व एक अन्य युवक कुछ ही देर में लौटने की बात कह कर साथ ले गए। जाने के कुछ ही देर के बाद मेरे बेटे का फोन आया। जिसमें मम्मी-मम्मी की कराह सुनाई पड़ी। इसके बाद फोन कट गया। इसी बीच साथ गए लड़कों ने सूचना दिया कि हरेंद्र दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया है। हम लोग भागे-भागे बेटे को लेकर सीएचसी रेवती गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने अन्त्य परीक्षण के लिए शव को बलिया भेज दिया। मां का आरोप था कि शव को देखने से स्पष्ट लग रहा था की उसकी दुर्घटना नहीं हुई, बल्कि हत्या की गयी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सहतवार पुलिस ने एक नामजद आरोपी को उसके घर से ही तत्काल गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक सहतवार पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।