बलिया। बकरीद पर्व को लेकर बाजार में रौनक है। कपड़ा, सेंवई व मावे की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। दिनभर बाजार गुलजार रहा। बकरा मंडी में बकरे की खरीदारी के लिए दिनभर भीड़ उमड़ी रही। अब तक सबसे महंगा बकरा 32 हजार रुपये में बिका है। बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए हैं। सादे कपड़ों में पुरुष व महिला पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मुस्तैद रहे।
बकरीद को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। पर्व को खुशहाली से मनाने के लिए तैयारियां चल रही हैं। शहर के लोहा पट्टी, गुदरी बाजार, शहीद चौक व विशुनीपुर चौराहे पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। बाजार में पुरुषों ने जींस-पैट, कुर्ता-पायजामा व महिलाओं ने शृंगार के समान के साथ बच्चों के कपड़ों की भी खरीदारी की। शहर के चौक में सेंवई व मावा खरीदने के लिए भीड़ रही। बच्चों में काफी उत्साह दिखा। बच्चों की पहली पसंद टोपी व कुर्ता पायजामा रहा। बच्चियों ने फैंसी ड्रेस की खरीदारी की। बकरीद के दिन मेहमान नवाजी के लिए ड्राई फ्रूट के अलावा कई प्रकार की मिठाइयों की भी खरीदारी की गई। दुकानों पर भीड़ देखकर दुकानदारों के चेहरे खिले नजर आए।