बलिया। प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की पहल पर नगर विधानसभा क्षेत्र के तीन महत्वपूर्ण और रसड़ा के एक दर्शनीय स्थल के विकास के लिए पर्यटन विभाग ने स्वीकृति देते हुए बजट भी जारी कर दिया है।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि इसके अलावा मुख्यमंत्री पर्यटन विकास एवं सहभागिता योजना के अंतर्गत 34.23 लाख से नगर के रामलीला मैदान का सुंदरीकरण होना है।
उन्होंने बताया कि विभाग से सभी के कार्यों से संबंधित टेंडर भी जारी कर दिया गया है। योजना के तहत 1.51 करोड़ रुपये की लागत से नगर से सटे वसंतपुर स्थित प्राचीन उदासीन मठ का सुंदरीकरण व विकास कार्य होना है।
इसी तरह नगर के भृगु आश्रम स्थित चित्रगुप्त मंदिर में 37.69 लाख, कोयलावीर बाबा स्थल का 32.15 लाख तथा रसड़ा के लखनेश्वर डीह मंदिर का 57.63 लाख रुपये से सुंदरीकरण व विकास कार्य कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान के सुंदरीकरण के लिए पिछले वर्ष घोषणा की थी। जो जल्द पूरा हो जाएगी। इस मैदान में प्रति वर्ष दशहरा में मेले का आयोजन होने के साथ ही रामलीला भी होती है। ऐसे में जनमानस की भावनाओं का ख्याल रखते हुए इसका सुंदरीकरण व्यवस्थित रूप से कराया जाएगा। इसमें जरूरत पड़ी तो और भी धन आवंटित कराया जाएगा। कहा कि सभी कार्यों का टेंडर प्रकाशित हो गया और इसकी प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य शुरू हो जाएगा।