बलिया। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 16 के सभासद विकास कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को लोकनिर्माण विभाग के डाकबंगला में आजमगढ़ मंडल के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत से मुलाकात की और नगर पालिका में हो रहे भ्रष्टाचार में संलिप्त नपा अध्यक्ष एवं ईओ के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। इस दौरान सभासद ने कमिश्नर को शिकायती पत्र भी सौंपा, जिसमें नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार का साक्ष्य समेत उल्लेख था। सभासद की शिकायत को संज्ञान लेते हुए कमिश्नर ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।
मंडलायुक्त सौंपे शिकायती पत्र में सभासद ने उल्लेख किया है कि स्वच्छ सर्वेक्षण वर्ष 2018 में मंडल में अव्वल आए वार्ड नंबर 16 को दिये गए ईनाम की राशि 11.5 लाख रुपये तीन वर्ष बाद भी अध्यक्ष व ईओ द्वारा नहीं दी गई। सभासद ने आरोप लगाया है कि इसके अलावा नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर कूडेदान लगाने के नाम पर, फर्जी कोटेशन बनाकर, सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय भी महज कागजों में ही चालू किए गए हैं। धरातल पर अभी तक वे या तो अर्द्धनिर्मित हैं। सभासद ने आरोप लगाया है कि ईओ और चेयरमैन ने नगर नाला निर्माण के नाम पर जमकर वित्तीय अनियमितता को अंजाम दिया है। इतना ही नहीं नगर क्षेत्र के सुन्दरीकरण करते रहने के लिए चूना छिड़काव के नाम पर प्रतिमाह लाखों रुपये का गबन किया जा रहा है। जबकि नपा के जल एवं सफाई विभाग के संविदाकर्मियों का वेतन रात चार माह से रुका है। जबकि शासनादेश यह है कि किसी कर्मचारी का वेतन न रोका जाए।