बैरिया। कटान पीड़ितों को बसाने व आवंटित आवासीय भूमि का पट्टा दिलवाने की मांग लंबे समय से चल रही है। पुनर्वास से संबंधित प्रश्न आगामी विधानसभा सत्र में बहस के लिए भी तय हो गया है। इससे जिला प्रशासन हरकत में आया। आनन-फानन में कागजी खानापूर्ति कर प्रशासन को रिपोर्ट भेजने की तैयारी है। प्रकरण को लेकर कांग्रेस नेता विनोद सिंह का कहना है कि अगर प्रशासन ने फर्जी रिपोर्ट भेजी तो विधानसभा के सामने आत्मदाह करे लेंगे।
बता दें कि कांग्रेस नेता सिंह की पहल पर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने क्षेत्र के इब्राहिमाबाद नौबरार, इब्राहिमाबाद ऊपरवार, नारायणगढ़, केहरपुर, गोपालपुर, बहुआरा के कटान पीड़ितों को आवासीय पट्टा आवंटित करने व आवंटित पट्टे की भूमि पर कब्जा दिलाने के संदर्भ में आगामी विधानसभा सत्र के लिए अपना प्रश्न विधानसभा में पंजीकृत कराया है। विधानसभा सचिवालय प्रशासन द्वारा इस संदर्भ में जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब किया गया है ताकि मुख्यमंत्री विधानसभा में कृत कार्रवाई से संतुष्ट कर सकें। इसी क्रम में सदर तहसीलदार गुलाब चंद्रा ने बताया कि गंगापुर के 65 कटान पीड़ितों को बसाना है। इसके लिए कार्रवाई पूरी कर ली गई है। इसकी रिपोर्ट एक-दो दिन में शासन को भेज दी जाएगी। वहीं बैरिया के एसडीएम प्रशांत कुमार नायक ने बताया कि कुछ जगहों पर कब्जा दिला दिया गया है, कुछ जगहों पर कब्जा दिलाया जा रहा है। शीघ्र इस मामले को निपटा कर विधान सभा सचिवालय को जिलाधिकारी के माध्यम से रिपोर्ट दे दी जाएगी।