रेवती। स्थानीय थाना क्षेत्र के हड़ियाकला समाधि गांव में सात जुलाई को मारपीट में गंभीर रूप से घायल राजेद्र यादव (50) की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने घटना में नामजद चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कररही है।
सात जुलाई को राजेंद्र यादव शीशम की डाल काट रहे थे। इस पर परमात्मा यादव ने विरोध किया । कहासुनी में परमात्मा यादव के पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से मारपीट कर राजेंद्र को घायल कर दिया। बीच बचाव करने आई उसकी भतीजी सविता (18) और शोभा (17) को भी घायल कर दिया।
परिजनों ने राजेंद्र को सीएचसी रेवती पहुंचाया जहां गंभीर चोट के चलते पहले जिला अस्पताल और वहां से ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। रविवार को ट्रामा सेंटर वाराणसी में उपचार के बीच राजेन्द्र की मौत हो गई। सोमवार को वाराणसी में ही पोस्टमार्टम किया गया। इस संबंध में
एसएचओ यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि पिता हरनारायण यादव की तहरीर पर घटना के दिन ही चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी। घटना में नामजद चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।