पूर। एक तरफ घर में शहनाइयां बज रही थीं और दूल्हे की बरात निकलने की तैयारियां जोरों पर थीं। इसी बीच एकभीटिया चट्टी के समीप सड़क दुर्घटना में घायल दूल्हे के छोटे भाई सर्वजीत की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल अवस्था में दूल्हे अंकित ने शादी की रस्में निभाईं।
बनकटा गांव निवासी श्याम बहादुर पांडेय के पुत्र अंकित की शुक्रवार को बरात निकलनी थी। बरात प्रस्थान से पहले अंकित अपने छोटे भाई सर्वजीत पांडेय के साथ शादी का कुछ जरूरी सामान खरीदने और शेविंग कराने एकभीटिया चट्टी गए थे।
लौटते समय गांव के समीप ही विपरीत दिशा से आ रही एक निजी स्कूल की बस ने बाइक में टक्कर मार दी। इस टक्कर में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों और परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। सर्वजीत की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन वहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जैसे ही सर्वजीत की मौत की खबर घर पहुंची, कोहराम मच गया। जिस घर से बरात निकलनी थी, वहां से चीख-पुकार सुनाई देने लगी। सर्वजीत की असामयिक मौत से पूरे बनकटा गांव में शोक की लहर है।
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी स्कूल बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।