बलिया। पूर्व मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ से शनिवार को लखनऊ स्थित शासकीय आवास 5 कालिदास मार्ग पर भेंट कर विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं एवं राजनैतिक विषयों पर चर्चा की। पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर विस्तार पूर्वक चर्चा की।
आवश्यक सुझाव व अनुरोध करते हुए उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को हटाने, यथा शीघ्र रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति, बर्न वार्ड की बंद पड़ी एसी को तत्काल चालू कराने, नियमित निश्चित समय से ओपीडी संचालित कराने सहित विभिन्न सीएचसी व पीएचसी पर चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की। जल जीवन मिशन की कार्यदायी संस्थाओं द्वारा ग्रामीण सड़कों को पुनर्निर्मित नहीं करने की विकट समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए हैबतपुर से सागरपाली तक पीडब्ल्यूडी की सीमा में ही जल जीवन मिशन का पाइप लाइन बिछाने पर पर भविष्य में सड़क के चौड़ीकरण में आने वाली बाधाओं का भी संज्ञान कराया।
जिला पंचायत को आवंटित धन के सापेक्ष अधिक निविदा निकालने की शिकायत की। कहा कि गुणवत्ता में भारी गिरावट आने के साथ भ्रष्टाचार व मनमानी से प्रदेश सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश में भेदभाव विहीन योजनाएं संचालित करने, हर जाति वर्ग के योग्य युवा-युवती को समान अवसर देने, प्रदेश का चतुर्दिक विकास करने एवं सनातन गौरव हेतु अहर्निश चलायमान योजनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया ।