बेल्थरारोड। उभांव पुलिस ने सरयू नदी में शनिवार को मिले अज्ञात युवती के शव के मामले का खुलासा किया है। घटना में प्रयुक्त बोलेरो सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने बताया कि भीमपुरा थाना क्षेत्र के नवादा ग्राम निवासी निशा (19) का शव था। जांच में सामने आया है कि जिससे वह प्रेम करती थी, परिजन उससे शादी नहीं होने देना चाहते थे। इससे परेशान होकर युवती ने घर में फंदे से लटककर जान दे दी।
लोकलॉज के डर से दाह संस्कार की जगह जल प्रवाह को लेकर पिता छितेश्वर, चाचा परशुराम, श्रीपति व बोलेरो चालक इंदल कुमार निवासी फरहा चौकी थाना भीमपुरा उभांव थाना क्षेत्र के करीमगंज घाट पर पहुंचे। शव को सरयू नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने सरयू घाट जाने वाले मार्ग पर लगे सीसी कैमरों से शिनाख्त की। बोलेरो के नंबर से मालिक व चालक की तलाश की। चालक से पूछताछ की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त बोलेरो व आत्महत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की है।