बलिया। उभांव थाना अंतर्गत बेल्थरारोड के यादव नगर में राहुल यादव उर्फ आयुष (25) के हत्याकांड के मामले में रविवार की आधी रात को एसपी ओमवीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पीड़ित और आरोपी दोनों की क्रिमिनल हिस्ट्री खंगाली जा रही है।
पूर्व में आरोपी और पीड़ित कुछ मामलों में सहयोगी भी रहे हैं। लेकिन वर्तमान में मतभेद के कारण विरोधी हो गए। इन सभी बिंदुओं की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने संकेत दिए कि इस वारदात में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं। शनिवार की शाम को बाइक सवार बदमाशों ने घर के पास 10 मीटर की दूरी पर खड़े राहुल यादव उर्फ आयुष को सीने में गोली मार दी थी। इलाज के दौरान वाराणसी में युवक की मौत हो गई थी। मौसेरे भाई आलोक यादव की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। लेकिन घटना के तीन दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
यादव नगर के लोगों का आरोप है कि कस्बे में मारपीट व फायरिंग की पहले की घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई की होती तो ये घटना नहीं हुई होती। इसपर एसपी ने कहा कि हर पहलू की जांच की जा रही है। चाहे वह पुलिस स्तर की भूमिका हो या पीड़ित और आरोपियों की पृष्ठभूमि। दोनों पक्षों के आपराधिक इतिहास की पड़ताल की जा रही है। एसपी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश होगा।
गैंग बनाकर युवा कर रहे अपराध
बेल्थरारोड। आयुष हत्याकांड ने आसपास के क्षेत्रों में युवाओं के अपराध की दुनिया में बढ़ते दखल को उजागर कर दिया है। घटना में शामिल सभी आरोपी युवा हैं और क्षेत्र के आसपास के गांवों के हैं। नगर क्षेत्र और आसपास की दुकानों पर दिन-रात युवाओं का जमावड़ा लगा रहता है। नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। राजनीतिक रंजिश, भूमि विवाद और अवैध कारोबार में इन युवाओं का इस्तेमाल किया जाता है। छोटे-मोटो आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हुए ये धीरे-धीरे गैंग बनाकर अपराध की दुनिया में प्रवेश कर जाते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नशे के ठिकानों पर सख्त कार्रवाई की अपील की है। सीओ आलोक गुप्ता का कहना है कि पुलिस शॉर्ट टर्म और लांग टर्म पर कार्य कर रही है। शॉर्ट टर्म के तहत नामजद अपराधियों को गिरफ्तार करना है तथा लांग टर्म के तहत जो भी लड़के गलत दिशा की ओर जा रहे हैं, उन्हें उनके अभिभावकों से बातचीत कर सुधार का प्रयास किया जा रहा है। संवाद
जिले के हर थाना में सक्रिय किशोर व युवाओं की गैंग
गैंग विवाद में वर्चस्व के लिए आयुष को गोली मारने की पहली घटना नहीं है। जिले के हर थाने में युवाओं के 10 से 15 गैंग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। ये स्कूल काॅलेज व मोहल्लाें के बीच छोटे-छोटे मामले में अक्सर मारपीट व जानलेवा हमले करते हैं। जिले के चर्चित हत्याकांड बांसडीह कोतवाली गेट के सामने राइडर गैंग के सदस्यों ने रोहित पांडेय की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। बैरिया थाना क्षेत्र में भी एक युवक की हत्या ऐसे ही मामले में हुई थी। गड़वार थाने के सिंहाचवर चट्टी पर वर्चस्व की लड़ाई में एक युवक को गोली मार दी गई थी।