पंदह/मनियर/घोघा। विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम पंचायत सचिवों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। एक दिसंबर से ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू किए जाने तथा मूल विभागीय कार्यों के अतिरिक्त अन्य विभागों के कार्य सौंपे जाने के विरोध में सचिव पिछले एक पखवाड़े से आंदोलनरत हैं। उधर शासन स्तर पर अब तक कोई ठोस निर्णय न लिए जाने से सचिवों में रोष बढ़ता जा रहा है।
पंदह विकासखंड के ग्राम पंचायत सचिवों ने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) प्रदीप कुमार शर्मा को पत्रक सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और सामूहिक रूप से डीएससी-डोंगल जमा कर दिए, ताकि शासन-प्रशासन का ध्यान उनकी समस्याओं की ओर आकृष्ट किया जा सके। सचिवों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार द्वारा उनकी मांगों पर न्यायोचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक है, इसके बावजूद शासन की ओर से उदासीनता बरती जा रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। मिथिलेश कुमार पांडेय, पुष्पराज, रामभुवन त्यागी, चंद्रशेखर, मनीष सिंह, निकी राय, सुनील तिवारी, ब्रह्मदेव पाल, प्रफुल्ल धुसिया तथा प्रमोद कुमार मंजुल सहित अन्य ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।
मनियर में सचिवों ने अपना डोंगल सहायक विकास अधिकारी पंचायत मनियर सुनील कुमार को जमा कर दिया। सचिवों ने बताया कि सभी सचिव विकासखंड कार्यालय पर अपने निजी वाहनों का प्रयोग न कर साइकिल और सार्वजनिक वाहन से अपने अपने कार्यक्षेत्र में दायित्वों का निर्वहन करने के पश्चात डोंगल जमा करने आए थे। जिलाध्यक्ष गिरीश पांडेय, हरीश कुमार, रामप्रकाश वर्मा, हर्षित यादव, मनोज गुप्ता, प्रशांत सिंह, जय कुमार यादव इत्यादि सभी लोग उपस्थित रहे।
बांसडीह सचिवों ने डोंगल सहायक विकास अधिकारी पंचायत संजय सिंह को सौंप दिया। अनुरोध किया कि आंदोलन की जानकारी उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।सचिवों का कहना है कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय न होने तक आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहेगा। नीतीश सिंह सोलंकी, मनोज कुमार, अजय सिंह, सुनील सिंह, अशोक कुमार, संजीत कुमार, अखिलेश पांडेय, दिग्विजय चौहान, गणेश गुप्ता आदि थे।
सिकंदरपुर में ग्राम विकास अधिकारी संघ एवं पंचायत सचिवों का सत्याग्रह नवानगर ब्लाॅक परिसर में सोमवार को भी जारी रहा। उन्होंने चेताया कि भविष्य में आंदोलन के स्वरूप को और तेज किया जा सकता है। इस मौके पर उमेश चंद वर्मा, चंद्रभान गुप्ता, अजय कुमार, दुर्गेश कुमार, अश्वनी यादव, विवेक कुमार, मन्नू चौहान, योगेंद्र कुमार, प्रमोद सिंह, राम नक्षत्र मौर्य रहे।