बलिया। सोमवार को कोरोना प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ाते हुए जिले के विभिन्न घाटों पर लोगों ने मुंडन संस्कार किया। जिसमें नगर के शिवरामपुर गंगा घाट, महावीर घाट, चैनछपरा, हुकुम छपरा, गंगापुर, उजियार व भरौली घाट पर लोगों का हुजूम उमड़ा। जिसके चलते एनएच-31 पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही। जाम छुड़ाने में पुलिसकर्मियों के पसीने में छूटते रहे।
नरहीं प्रतिनिधि के अनुसार: मुंडन संस्कार के लिए उजियार गंगा तट पर सोमवार को हजारों लोग उमड़े। आलम यह रहा कि गंगा इस पार से उस पार जाने के लिए नाव कम पड़ र्गइं। लोग नाव के इंतजार में घंटों बैठे रहे। वही उजियार सड़क पर वाहनों की लंबी लाइन लगने से जाम की स्थिति उत्पन्न रही। मुंडन संस्कार के बाद घर से पूरी सब्जी बना कर ले गए लोगों ने मंगला भवानी मंदिर पर दर्शन पूजन करने के बाद आसपास के बागीचों में बैठकर भोजन ग्रहण किया। मुंडन संस्कार की भीड़ इतनी ज्यादा थी कि उजियार गंगा तट पर मेले जैसे नजारा देखने को मिला। मझौवा प्रतिनिधि के अनुसार: क्षेत्र के मझौवां, पचरुखिया, हुकूमछपरा, गंगापुर, चौबे छपरा, गंगौली, केहरपुर, दूबे छपरा आदि गंगा घाटों पर मुंडन संस्कार का कार्य पूरे दिन चलता रहा। इस दौरान लोगों ने कोरोना प्रोटोकाल का खुलेआम धज्जियां उड़ाई। हुकुम छपरा गंगा घाट पर स्थानीय प्रशासन के भीड़ को काबू करने के लिए पसीने छूट गए।