बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के अमृत पाली रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पर सोमवार की अपराह्न एक अज्ञात 30 वर्षीय युवक का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे सतनी सराय चौकी इंचार्ज मंतोष कुमार सिंह ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महिला 25 हजार लेकर हुए चंपत
रसड़ा। नगर के डोमदेरवा ईदगाह के समीप बाइक सवार दो युवकों ने सोमवार की दोपहर वृद्ध महिला को झांसा देकर 25 हजार लेकर चंपत हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन जुट गई। नगर के वार्ड नंबर 22 बनिया बांध निवासी लीलावती सिंह पत्नी स्व. बांके बिहारी सेंट्रल बैंक से पैसा निकाल कर बैंक से बाहर निकलीं। वहां मौजूद बाइक सवार दो युवक लीलावती देवी को यह कह कर बाइक पर बैठाया की आपके नाती डंपी सिंह ने कहा है कि बाइक से लेते आओ। इस पर लीलावती देवी बाइक पर बैठ गईं। बाइक सवार युवक दो युवक लीलावती देवी को लेकर डोमडेरवा ईदगाह के पास बाइक रोककर झांसा देकर झोले से 25 हजार रुपया लेकर चंपत हो गए। वृद्ध महिला के पुत्र अंजनी सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कोतवाल राजीव सिंह ने बताया कि सूचना पर मामले की छानबीन में की जा रही है।
सेनानी की पत्नी के गले से चेन उड़ाई
बेल्थरारोड। नगर के चौधरी चरण सिंह तिराहे के पास सोमवार की शाम उचक्कों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पत्नी का सवा लाख रुपये का सोने का चेन उड़ा दिया। नगर पंचायत निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. रामगोविन्द की पत्नी सोमवार की शाम ई-रिक्शा से बेल्थरारोड तहसील के तरफ जा रही थीं। जब वह चौधरी चरण सिंह तिराहे के समीप पहुंची ही थी कि इसी दौरान उसमें बैठी एक महिला द्वारा उनके पैर को अपने पैरों से दबा दिया गया। पैर दबने पर जब वह अपने चप्पलों को ठीक करने के लिए ज्यों ही नीचे की तरफ झुकीं तभी उनके गले में पड़े सोने की चेन को उड़ा दिया गया। बाद में जब उन्हें इसका पता चला। उन्होंने परिजनों को इसकी सूचना दी तो उन्होंने सीयर पुलिस चौकी पहुंच कर चेन चोरी होने की लिखित सूचना दी।