रेवती। भूख हड़ताल पर बैठे युवक मुन्ना यादव की छठवें दिन मंगलवार को तबीयत बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आंदोलन के मंच पर रेवती सीएचसी के डाॅ. बद्री राज यादव के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने भूख हड़ताल पर बैठे युवक की जांच की। चिकित्सक ने बताया कि मुन्ना यादव का वजन सात किलो चार सौ ग्राम कम हो गया है। रक्तचाप भी कम पाया गया। इसलिए उन्हें रेफर किया गया है। साथी की बिगड़ी हालत को देखते हुए मनोज पाल भूख हड़ताल पर बैठ गए।
इधर, रेल आंदोलन के चौबीसवें दिन स्टेशन बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में घेरा डालो डेरा डालो कार्यक्रम चौबीस घंटे के लिए सुबह से शुरू हुआ। इससे पहले समिति के सदस्यों ने आंदोलन मंच पर मुन्ना यादव का उत्साह वर्धन किया। अखिल भारतीय किसान सभा के सदस्य तथा प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ मिश्र ने कहा इस स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर 2004 में पहली बार अतुल कुमार की उपस्थिति में हुए आंदोलन के समय आया था। उस समय के आंदोलन का परिणाम यह हुआ था कि उत्सर्ग ट्रेन रेवती रेलवे स्टेशन पर रुकने लगी। अब इस स्टेशन को हॉल्ट बना दिया गया। यहां के जनप्रतिनिधियों को इस पर ध्यान देना चाहिए। कहा कि आंदोलन को पूरा समर्थन है। आप ज्ञापन हमें दे दें। मैं किसान सभा के राष्ट्रीय कमेटी से पास करवा कर सांसद के माध्यम से रेल मंत्रालय तक इसे पहुंचाऊंगा। सभा को लक्ष्मण पांडेय, कनक पांडेय, महावीर तिवारी फौजी, जलेसर शर्मा, ददन पांडेय, वीरेश तिवारी आदि ने संबोधित किया।