बलिया। महर्षि भृगु मुनि के शिष्य दर्दर मुनि के नाम पर बलिया में लगने वाले ऐतिहासिक ददरी मेले एवं कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल ने सभासदों के साथ शनिवार को आवास पर बैठक की।
प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास में महर्षि भृगु मुनि के शिष्य दर्दर मुनि के नाम पर ददरी मेला लगता है जो दीपावली से शुरू हो जाता है। इस बार भी दीपावली से नंदी ग्राम में पशु मेला शुरू हो जाएगा।
पालिका अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल ने बताया कि दुकानदारों और झूला वालों का टेंडर ऑनलाइन होगा या ऑफलाइन इस पर विचार विमर्श अभी नहीं हुआ। बता दें कि जिला प्रशासन द्वारा लगातार दो वर्ष तक ददरी मेला का संचालन किया गया। इस वर्ष 2026 में नगर पालिका द्वारा ददरी मेला संचालन होने की उम्मीद है।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल ने बताया कि ददरी मेला का नंदी ग्राम मेला भव्य तरीके से आयोजित किया जाएगा। पशु व्यापारियों को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए पास जारी किए जाएंगे। मेले की भव्यता को लेकर तैयारी तेज कर दी गई हैं। प्रचार प्रसार भी किया जा रहा है। इस मौके पर सभासद अमित दुबे, सूरज तिवारी, यशवंत सिंह, ददन यादव आदि मौजूद थे। संवाद