बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में शनिवार को पोखरे में नहाते समय एक युवक डूब गया। जिसकी सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। करीब 28 घंटे बाद रविवार की शाम डूबे युवक का शव मिलते ही कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर सदर एसडीएम सहित कई थानों की पुलिस पहुंच गई।
बता दें कि दिनेश 24 पुत्र मदन राम निवासी रुस्तमपुर अपने घर से शनिवार को हरिपुर गांव के पोखरे के पास पहुंचा एवं अपने साथियों के साथ स्नान करने लगा। इसके बाद सभी साथी पोखरे को तैर कर पार करने लगे। करीब 50 मीटर बीच में जाते ही दिनेश की सांसें फूलने लगीं और वह गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर बुलवाया और वह नाव के सहारे उसे ढूढ़ते रहे। लेकिन शव नहीं मिलने पर ग्रामीण व मृतक के परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद बज्र वाहन सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने लोगों को आश्वासन दिया कि जिले के सभी गोताखोर शव निकालने का प्रयास कर रहे हैं। उसके बाद ग्रामीण व मृतक के परिजन माने। रविवार की शाम करीब चार बजे युवक के शव को गोताखोर ढूंढ निकाले। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।